परीक्षितगढ़ नगर के पास आसिफाबाद तिराहे पर जुगाड़ पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि चार मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। देरशाम तक इस मामलें में तहरीर नहीं दी गई है।
विज्ञापन
ग्राम राजपुर निवासी राजकुमार ने दो जुगाड़ाें में लिंटर डालने की मशीन लगा रखीं है। रविवार सुबह करीब 4 बजे दोनो जुगाड़ लेकर चालक गुड्डू, मोहित थाना किठौर ग्राम डेरियों में जा रहे थे। जुगाड़ में कई मजदूर भी बैठे हुए थे।
इस बीच जुगाड़ नगर के आसिफाबाद तिराहे मंशाराम अस्पताल के समाने पहुंचा। तभी ब्रेकर पर कट मारने पर एक जुगाड़ पलट गया। जिसमें 21 वर्षीय मजदूर विकास पुत्र भोलानाथ नीचे दब गया।
विज्ञापन
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने जुगाड़ सीधा कर विकास को उसके नीचे से उतारा। तब तक विकास की मौत हो चुकी थी। वहीं अन्य मजदूर ग्राम खटीकी निवासी सुधीर, राजपुर निवासी संदीप, ईश्वर, मनीराम आदि गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, विकास के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि देररात तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है।