दो हजार की रिश्वत लेने पर नौचंदी थाने का मुंशी सस्पेंड
मेरठ। दो हजार रुपये की रिश्वत लेकर थाने से मनचले को छोड़ने वाले नौचंदी थाने के मुंशी धर्मेंद्र कुमार को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया। मुंशी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। नौचंदी थाना प्रभारी व चौकी इंचार्ज की भूमिका की भी जांच चल रही है। एसएसपी ने एसपी सिटी विनीत भटनागर और सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह से रिपोर्ट मांगी है।
शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में बृहस्पतिवार रात लिसाड़ीगेट के तीन युवकों को पुलिस ने पकड़ा था। आरोप था कि उक्त युवक मार्केट में आने जाने वाली महिलाओं पर टिप्पणी कर रहे थे। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले लाई। इंस्पेक्टर नौचंदी जितेंद्र कुमार ने जांच करने के बाद दो युवकों को छोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक रात्रि ड्यूटी पर तैनात मुंशी धर्मेंद्र के पास बैठा था। आरोप लगा कि मुंशी धर्मेंद्र ने आरोपी को थाने से छोड़ने के एवज में उसके परिजनों से दो हजार रुपये की रिश्वत ले ली। इसकी जानकारी लगने के बावजूद भी थाना पुलिस खामोश रही। शुक्रवार को मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। उन्होंने एसपी सिटी से गोपनीय जांच कराई और मुंशी पर कार्रवाई की। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना कि जो युवक रिश्वत लेकर थाने से छोड़ा गया है, उस पर क्या किसी ने लिखित में शिकायत दी थी। इसकी भी गंभीरता से जांच होगी।
नौचंदी थाने के मुंशियों की कई शिकायतें
नौचंदी थाने के मुंशियों की शिकायतें लगातार कप्तान के पास पहुंच रही हैं। आरोपियों को पकड़कर पुलिस थाना कार्यालय में मुंशी के पास छोड़कर चली जाती है और मुंशी मुंशी साठगांठ कर आरोपियों को छोड़ देते हैं। धर्मेंद्र से पहले दूसरे मुंशी की शिकायत भी एसएसपी से की गई थी। इसकी भी जांच चल रही है।