पीएम मोदी से मिलने का अवसर
मेरठ। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत (मेरा युवा भारत) प्लेटफॉर्म द्वारा युवाओं की भागीदारी देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जोड़ना, उनकी आकांक्षाओं एवं नीतिगत सुझावों को सरकार तक पहुंचाना और विकसित भारत 2047 के विजन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मेरा युवा भारत विभाग के जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल प्रतिभागियों को द्वितीय चरण में विचार-लेखन का अवसर मिलेगा। विषय मुख्यतः विकास, युवा सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत एवं राष्ट्रीय विकास से जुड़े होंगे। चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह अभियान 3 फरवरी से 17 फरवरी तक ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगा। इच्छुक युवा माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर भाग ले सकते हैं।