माना जा रहा है कि किसी बात को लेकर रात में उसका देव के साथ विवाद हुआ और देव ने मारपीट कर व चादर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हैरत की बात है कि रोहित की चीखने-चिल्लाने की आवाज किसी ने भी नहीं सुनी। वहीं, जेल प्रशासन घटना को छिपाने में लगा रहा। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि हत्या किन परिस्थिति और किस तरह की गई, यह जांच में सामने आएगा।
परिजन बोले, जेल प्रशासन के खिलाफ करेंगे शिकायत
मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने शव देखकर जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। भाई विनीत और चचेरे भाई ध्यान सिंह ने बताया कि रोहित का चेहरा बुरी तरह से कुचला था। आशंका है कि उसे ईंटों से पीटकर मारा गया है। गले पर भी निशान थे। इससे पता चल रहा है कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार से निपटने के बाद जेल प्रशासन की शिकायत मानवाधिकार आयोग में की जाएगी।