घटना भट्टा गांव स्थित चाय-रोटी सेवन नाइट होम स्टे की है। यहां शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दो युवक और एक युवती पहुंचे थे। तीनों को कमरा नंबर-106 दिया गया। तीनों ने रेस्टोरेंट में खाना खाया और कमरे में सोने के लिए चले गए। सुबह के वक्त जब कर्मचारी बाहर निकले तो होम स्टे के बाहर से तीनों की कार गायब थी।
इस पर रूम सर्विस स्टाफ ने कमरे में देखा तो वहां पर खून फैला हुआ था। उन्होंने देखा कि खून से लथपथ एक युवक का शव बेड के नीचे छिपाया गया था। इस युवक की पहचान कपिल चौधरी निवासी आदर्श नगर रुड़की के रूप में हुई।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया और कपिल के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद वहां के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इनमें कपिल के साथ आने वाले युवक और युवती तड़के करीब चार बजे होम स्टे से बाहर जाते दिख रहे हैं।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि कपिल के साथ आने वाले युवक और युवती की फोटो को विभिन्न चेक पोस्ट और थाने चौकियों को मुहैया करा दिया गया है। मोबाइल लोकेशन और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: लाठीचार्ज पर आक्रोश, अब 15 सितंबर तक हड़ताल पर रहेंगे अधिवक्ता, बिजनौर में महिला की हत्या
कपिल के नाम से ही लिया गया था कमरा
पुलिस ने जब होम स्टे के रिकॉर्ड को खंगाला तो पता चला कि यह रूम कपिल के नाम से ही लिया गया था। आगंतुक रजिस्टर में युवक और युवती के नाम का जिक्र नहीं था, जबकि नियमों के अनुसार साथ आने वाले लोगों के नाम पते के साथ-साथ उनकी आईडी भी ली जाती है। इस पर पुलिस ने होम स्टे संचालक को भी चेतावनी जारी की है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
बार-बार कार से उतर रहा था कपिल
शनिवार सुबह होम स्टे में कोई कमरा खाली नहीं था। उन्होंने कमरा खाली होने का इंतजार किया। कपिल बार-बार कार से उतरकर रेस्टोरेंट की ओर जा रहा था। युवक और युवती कार में ही बैठे हुए थे। करीब डेढ़ घंटे बाद जब कमरा खाली होने का पता चला तो कपिल ने कार के पास जाकर दोनों को जानकारी दी।