मुनीर ने एएमयू में भी की थी छात्र की हत्या
बिजनौर। कुख्यात मुनीर ने एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद व उनकी पत्नी फरजाना की हत्या के अलावा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्र आलमगीर की भी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा भी वह कई अन्य बड़े अपराधों को भी शामिल रहा है। इस समय वह तिहाड़ जेल दिल्ली में बंद है।
स्योहारा क्षेत्र के कस्बा सहसपुर के रहने वाले मुनीर का अपराध जगत में बड़ा नाम है। दिल्ली से लेकर बिजनौर तक उसने हत्या के साथ लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। सहसपुर के ही रहने वाले एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना की हत्या में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उस समय मुनीर के साथी रिहान, जौनी, तजीम अहमद व रिजवान को गिरफ्तार कर लिया गया था। मुनीर को बाद में एसटीएफ ने उसे गाजियाबाद के एक मकान से उस समय दबोच लिया था, जब वह मुंबई भागने की फिराक में था। मुनीर ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भी छात्र आलमगीर की में मुनीर, रिहान, शादाब व फैजाबाद निवासी आशुतोष मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। दिल्ली के अलावा धामपुर के एक बैंक लूट में भी मुनीर का नाम आया था। मुनीर पर आठ हत्या समेत लूट व अन्य अपराधों के बिजनौर, अलीगढ़ व दिल्ली के कई थानों में 34 मुकदमे दर्ज हैं।
दिल्ली की प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं
देने पर की थी तंजील की हत्या
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि मुनीर एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद के लिए ही काम करता था। दोनों में दिल्ली की प्रॉपर्टी को लेकर खींचतान थी। प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं देने पर ही मुनीर ने तंजील की हत्या की थी। मुनीर इस समय तिहाड़ जेल में बंद है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के मुताबिक मुनीर प्रदेश स्तर का अपराधी है। डीएम के यहां संपत्ति कुर्क की फाइल भेजी गई है, उस पर आदेश होने के बाद उसके स्योहारा क्षेत्र में 300 गज के प्लाट व पिता की मुरादाबाद में स्थित टाइल्स की दुकान को कुर्क किया जाएगा।
18 अपराधियों की संपत्ति हो चुकी है कुर्क
एसपी के मुताबिक जिले में मुनीर को छोड़ कर 18 अपराधियों की साढे़ 75 लाख की संपत्ति को कुर्क किया जा चुका है। अभी अन्य अपराधियों की संपत्ति भी खंगाली जा रही है। माफियाओं पर भी पुलिस की नजर है। अपराध से अर्जित की गई इन लोगों को संपत्ति को जब्त किया जाएगा। सभी अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इनकी सूची बनाई जा रही है।