वार्ड-44 मोहनपुरी में प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह और नगर निगम के कर्मचारियों को लेकर बुधवार सुबह सफाई करने पहुंचे थे। सुबह करीब 10 बजे तक पार्षद उत्तम सैनी की मौजूदगी में सफाई अभियान चलाया गया। उसके बाद डॉ. हरपाल सिंह ने मोहनपुरी स्थित कचहरी नाले पर अतिक्रमण हटाने के लिए निगम से प्रवर्तन दल को बुलाया। अतिक्रमण हटाने के दौरान भेदभाव का भाजपा पार्षदों ने आरोप लगा दिया। प्रवर्तन दल के लीडर जसवंत तोमर की पार्षद से हाथापाई हो गई। प्रवर्तन दल से सेवानिवृत हवलदार अनिल अधाना फोन से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान पार्षद के साथी ने मोबाइल पर झपट्टा मारकर वीडियो बंद करा दी है। आरोप है कि प्रवर्तन दल की टीम ने पार्षद की पिटाई कर दी और अपना मोबाइल वापस लिया।
जानकारी पर भाजपा के पार्षद और कार्यकर्ता पहुंच गए। प्रवर्तन दल के पक्ष से मोहनपुरी निवासी जिम संचालक मोहित चिकारा वहां पर पहुंचे। मोहित ने पार्षद पर टिप्पणी कर दी। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और मोहित की मारपीट हो गई। भाजपा पार्षद ने प्रवर्तन दल और मोहित चिकारा सहित कई लोगों पर मारपीट, चेन लूटने और कनपटी पर तमंचा तानने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। मोहित चिकारा ने भाजपा के तीनों पार्षदों के खिलाफ तहरीर दी।
रिश्वत लेता प्रवर्तन दल, अब गुंडागर्दी पर उतर गया
भाजपा पार्षद उत्तम सैनी का कहना है कि प्रवर्तन दल द्वारा 10-10 हजार की रिश्वत लेने की शिकायत स्थानीय लोगों ने मुझसे की थी। यह बात मैंने प्रवर्तन दल की टीम से कही थी। जिस पर प्रवर्तन दल ने मेरे से मारपीट की। अब प्रवर्तन दल गुंडागर्दी पर उतर गया है। जिम संचालक को प्रवर्तन दल की टीम ने मेरे खिलाफ उकसाया था। मेरा जिम संचालक मोहित चिकारा से कोई विवाद नहीं है। मोहित से मेरा समझौता भी हो गया है।
मोबाइल छीनने के बाद मामला तूल पकड़ा
प्रवर्तन दल के इंचार्ज सेवानिवृत्त कर्नल राजकुमार बालियान ने बताया कि प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कहने पर टीम मोहनपुरी में अतिक्रमण हटाने के लिए गई थी। अतिक्रमण हटाने से पहले ही पार्षद उत्तम सैनी ने रिश्वत लेने का टीम पर झूठा आरोप लगाया। कहासुनी के दौरान टीम का सदस्य वीडियो बना रहा था। इसका पार्षद ने ही मोबाइल छीन लिया था। मोबाइल वापस लेते समय हाथापाई हुई है, लेकिन पार्षद के साथ मारपीट करने का आरोप निराधार है। पार्षदों ने ही टीम के साथ हाथापाई की। पूरे मामले की जानकारी नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त को देने के बाद पार्षद उत्तम सैनी, संजय सैनी, अंशुल गुप्ता सहित कई लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है।
यह भी पढ़ें: होटलों में पड़ा छापा: पुलिस को देख भागने लगे प्रेमी जोड़े, मचा हड़कंप, युवकों के साथ पकड़ी गईं युवतियां