कार की टक्कर से मोपेड सवार की मौत
खरखौदा। थाना क्षेत्र में कार चालक की टक्कर से मोपेड सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। उसके पास मिले कागजों के आधार पर उसकी पहचान गाजियाबाद निवासी के रूप में हुई।
थाना प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, गाजियाबाद के थाना भोजपुर के गांव तलहेटा निवासी नूर मोहम्मद (50) पुत्र सुबराति बुधवार को अपनी ससुराल घोसीपुर आया था। उसके बाद मेरठ से बेचने के लिए कपड़ा खरीदने गया। वहां से लौटने के दौरान डीएवी डिग्री कॉलेज के सामने पीछे से आ रही स्विफ्ट कार ने उसकी मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में नूर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को खरखौदा सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान नूर की मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर परिजन खरखौदा थाने पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।