पॉश इलाके में युवक का मोबाइल लूटा
मेरठ। तमाम सख्ती के बावजूद लूटपाट की घटनाएं नहीं थम रही है। रविवार को सिविल लाइन के पॉश इलाके साकेत में बाइक सवार बदमाश युवक का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। युवक की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर निवासी उपेंद्र कुशवाहा परतापुर स्थित फैक्टरी में काम करते हैं।
रविवार को वह साकेत से पैदल ही घर जा रहे थे। गोल मार्केट के पास बाइक सवार बदमाशों ने युवक का मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। उपेंद्र ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद कुछ लोग पीछे दौड़ लिए। काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन गलियों के रास्ते बदमाश फरार हो गए। बाद में पुलिस ने पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और लौट गई। सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद