बाइक सवार युवकों से मोबाइल व नकदी लूटी, पुलिस बोली- संदिग्ध है मामला
सरधना। छबड़िया गांव निवासी बाइक सवार दो युवकों से बुधवार रात लूटपाट की घटना हो गई थी। लूटपाट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर लौट गई। इस मामले में लूट के पीड़ितों ने बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर दी। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
छबड़िया गांव निवासी अंकित पुत्र सुंदर व समीर पुत्र सुजाऊ दोनों बाइक पर सवार होकर बुधवार रात पांचली बुजुर्ग से रजबहे की पटरी से होते हुए छबड़िया गांव लौट रहे थे। रास्ते में खडे़ आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और दोनों से मोबाइल व हजारों की नकदी लूट ली। राहगीरों के आ जाने के कारण बदमाश बाइक नहीं लूट सके और खेतों के रास्ते फरार हो गए। अंकित व समीर ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार को पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर मोबाइल व नकदी लूट की तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर पर मामले की जांच कराई जा रही है।