भिखारी को जलाने के मामले में एक युवक का शांति भंग में चालान
सरधना। तहसील मुख्यालय पर बुधवार रात भिखारी को सोते समय जला देने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक शराबी युवक का शांति भंग में चालान कर दिया। पुलिस कहना है कि दोनों शराब के नशे में थे। हो सकता है कि भिखारी खुद ही जलती आग पर गिरा हो। फिलहाल भिखारी ठीक है।
बुधवार रात तहसील मुख्यालय परिसर में बरामदे में सो रहा भिखारी राजेश पुत्र रामभूल आग में जल गया था। रामभूल ने शरारती तत्वों पर उसे जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया गया था। पुलिस द्वारा उसे झुलसी अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को उसे पालिका के रैन बसेरे में पहुंचाया। एडवोकेट वीरेंद्र सैनी व सुमित वाल्मीकि ने मामले में जांच कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
राजेश ने शरारती तत्वों में एक का नाम विलसन निवासी मोहल्ला अहाता ईसाईसान बताया। पुलिस ने आरोपी विलसन को पकड़ लिया। उसने बताया कि राजेश खुद नशे में था। वह पहले उसके साथ गाली गलौज कर रहा था। बाद में खुद ही आग में गिर गया। इसी बीच वह वहां से चला गया था। पुलिस ने विलसन का शांति भंग में चालान कर दिया।