मेरठ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश भर में चलाए जा रहे 100 दिवसीय चुनावी संग्राम के तहत मनरेगा को लेकर गांवों में चौपालें हो रही हैं। इसी क्रम में रविवार को मेरठ ब्लॉक के ग्राम बहादुरपुर में प्रधान राम भजन और मोहद्दीनपुर में डॉ. जहूर सिंह ने चौपाल का शुभारंभ किया। हरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण भारत के मजदूर तबके को रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। वर्तमान सरकार इस योजना में बदलाव कर रही है। इससे यह भविष्य में समाप्त हो जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार किसान व मजदूर विरोधी है और केवल धर्म के नाम पर लोगों को उलझाकर सरकारी संस्थाओं को उद्योगपतियों को सौंप रही है। गौरव भाटी ने कहा कि यह सरकार युवा, किसान और मजदूर विरोधी है। उन्होंने युवाओं को नौकरी के नाम पर ठगा है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और अब मजदूरों की मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को समाप्त करने की फिराक में है। ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कौशिक ने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाएं कोरोना महामारी के दौरान मजदूरों के लिए संजीवनी साबित हुई थीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस योजना को खत्म नहीं होने देगी। मुख्य अतिथि के मनरेगा कॉर्डिनेटर पूर्व विधायक हरेंद्र अग्रवाल और जिला अध्यक्ष गौरव भाटी मौजूद रहे। अर्पित अग्रवाल, अरुण कौशिक, सय्यद आमिर रज़ा, योगी जाटव, ठाकुर तेजवीर सिंह, तरुण शर्मा, कामेश रतन, उमरदराज़, साकिब कुरैशी आदि मौजूद रहे।