मोदीपुरम/मेरठ। कोहरा और सर्दी इन दिनों अपने प्रचंड रूप में नजर आ रहे हैं। लगातार घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह और रात के समय ठंड इतनी तीखी हो गई है कि लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। हाईवे और मुख्य मार्गों पर दृश्यता कम होने से वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 जनवरी के बाद ठंड और कोहरे से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
कोहरे के बाद निकल रही धूप से दिन का तापमान कुछ बढ़ रहा है, लेकिन रात का पारा गिरकर चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम ने बताया कि अगले दो दिनों तक कोहरा और ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं तथा न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है।
ठंड बढ़ने के साथ अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस संबंधी रोगियों की संख्या भी बढ़ रही है। चिकित्सक डॉ. संजीव शर्मा ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने गर्म कपड़े पहनने, ठंडे पदार्थों से परहेज करने और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है। आने वाले दिनों में मौसम का बदला मिजाज लोगों को कुछ राहत जरूर दे सकता है लेकिन तब तक सतर्कता बेहद जरूरी है।
मेरठ नौवां प्रदूषित शहर
एनसीआर में हवा की सेहत फिर से बिगड़ने लगी है। मेरठ समेत आसपास के जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स लाल श्रेणी में पहुंचकर 354 दर्ज किया गया जबकि दिल्ली में 436 और पड़ोसी जिलों गाजियाबाद में 453, ग्रेटर नोएडा 402, हापुड़ 300, नोएडा 429, मुजफ्फरनगर 327 एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया। देश के 235 शहरों की सूची भी मेरठ नौवां सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। गंगानगर में 286, जयभीम नगर में 369, पल्लवपुरम में 406, बेगमपुल में 373, दिल्ली रोड 381 एक्यूआई दर्ज किया गया। पल्लवपुरम सबसे प्रदूषित इलाका रहा।
मोदीपुरम - रुड़की रोड पर सुबह के समय छाया घना कोहरा।
मोदीपुरम - रुड़की रोड पर सुबह के समय छाया घना कोहरा।
मोदीपुरम - रुड़की रोड पर सुबह के समय छाया घना कोहरा।
मोदीपुरम - रुड़की रोड पर सुबह के समय छाया घना कोहरा।
मोदीपुरम - रुड़की रोड पर सुबह के समय छाया घना कोहरा।