रैपिड ट्रेन : बेगमपुल पर होगी मल्टीलेवल पार्किंग
मेरठ। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम की ओर से यूनिक ड्राइंग बेस्ड डिजिटल कैलेंडर जारी किया है। इसमें मेरठ साउथ और बेगमपुल स्टेशन को दिखाया गया है। नववर्ष के मौके पर एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक विनय कुमार सिंह ने आरआरटीएस के एक यूनिक ड्राइंग पर आधारित डिजिटल कैलेंडर 2022 का अनावरण किया।
इस कैलेंडर की खास बात है इसका डिजाइन जिसमें आरआरटीएस स्टेशन व उसके समीप स्थित महत्वपूर्ण संस्थानों और स्मारकों को ड्राइंग द्वारा दर्शाया गया है। इसमें मेरठ दक्षिण के पास स्थित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और बेगमपुल के पास स्थित बाजार और मल्टीलेवल पार्किंग को डिजाइन में दिखाया गया है। इस कैलेंडर का थीम आरआरटीएस स्टेशन के वास्तुकला या आर्किटेक्चर ड्राइंग है, जिसमें स्टेशन के अंतिम प्रारूप का आर्टिस्टिक इम्प्रेशन दर्शाया गया है।
मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब का नजारा
डिजिटल कैलेंडर में कलाकारों द्वारा हाथ से बनाए स्केच से आरआरटीएस स्टेशन के पास मौजूदा अन्य परिवहन साधनों के साथ मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब को दिखाया गया है। इसके अलावा महिला व दिव्यांगजनों सहित सभी उम्र के लोगो को स्टेशन तक पहुंचने और अन्य साधनों से जुड़ने की सहजता को भी विशेष रूप से दिखाया गया है।
अभी तक इतना हुआ कार्य
वर्तमान में 82 किमी लंबे कॉरिडोर के लगभग 15 किमी तक का वायडक्ट तैयार कर लिया गया है। 14 हजार ज्यादा कर्मचारी और 1100 से ज्यादा इंजीनियर एलीवेटेड व भूमिगत सेक्शन का निर्माण कर रहे हैं। भूमिगत हिस्से में टनल बोरिंग मशीन (सुदर्शन) द्वारा आरआरटीएस टनल के निर्माण के लिए लॉन्चिंग शाफ़्ट का निर्माण किया जा रहा है।