थानाभवन क्षेत्र के गांव मंटी हसनपुर निवासी 25 वर्षीय प्रशांत पुत्र लोकेश को उस समय अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी जब वह न्यायालय से वापस अपने घर लौट रहा था। प्रशांत करीब 7:30 बजे जब गांव के पास पहुंचा तभी अज्ञात बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। गोली की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। जबकि अज्ञात बदमाश मौके से फरार हो गए। मृतक व्यक्ति की पहचान गांव वालों ने प्रशांत के रूप में की। इसके बाद मौके पर प्रशांत के परिजन एवं ग्रामीण पहुंच गए ।
उन्होंने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। घटना के बाद एसपी अभिषेक, एडिशनल एसपी ओपी सिंह ,सीओ श्रेष्ठा ठाकुर एवं स्थानीय थाना प्रभारी हरीराज सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने हंगामा काटते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने समझा बुझाकर प्रशांत के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया। परिजनों के अनुसार प्रशांत की शादी करीब 2 साल पहले हुई थी। प्रशांत के मात्र एक वर्ष की बेटी भी है। प्रशांत की मौत से परिजनों में अब कोहराम मचा हुआ है। एसपी का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका
सूत्रों के अनुसार, करीब 6 वर्ष पूर्व गांव में ही एक युवक की हत्या हुई थी। जिसमें प्रशांत एवं प्रशांत का भाई व उनके पिता लोकेश नामजद हुए थे। हत्या का आरोप झेल रहे प्रशांत मंगलवार को न्यायालय में तारीख पर गया था। तारीख से वापस लौटते समय प्रशांत की गोली मारकर हत्या की गई है। प्रशांत के सिर और छाती में गोली मारी गई है। लोगों में चर्चा है कि इसी रंजिश के कारण प्रशांत को गोली मारी गई है। हालांकि, पुलिस रंजिश की जांच में जुट गई है।