बैठक में मौजूद वीरेंद्र गुर्जर
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ से सटे हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव गूढा में गुर्जर समाज द्वारा एक चौक पर लगवाए गए हिंदू सम्राट मिहिर भोज के नाम से बोर्ड पर उपजा विवाद शनिवार को सर्किट हाउस में भाजपा एमएलसी वीरेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित समाज के लोगों की बैठक में खत्म हो गया। वीरेंद्र गुर्जर ने कहा कि बोर्ड को लेकर जो विवाद उपजा वह खत्म हो गया है। इस मामले में जिन लोगों पर भी मुकदमा कायम किए गए हैं, वह तीन से चार दिन के भीतर खत्म हो जाएंगे। गांव में लगाए गए हिंदू सम्राट मिहिर भोज के नाम से जो बोर्ड लगाया गया है वह भी लगा रहेगा।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने इस मामले को हवा देने का काम किया था। समाज को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वाले लोगों की अब कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं ने लखनऊ कूच करने का जो निर्णय लिया हुआ था आज समाज के जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक करने के बाद यह कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया है।
यह भी पढ़ें: ओमिक्रॉन का खौफ : विदेश से 82 लोग और आए मेरठ, 616 की जांच होनी बाकी, रिकॉर्ड में दो बार लिखे गए 192 लोगों के नंबर
उन्होंने कहा कि इस मामले में राज्य मंत्री दिनेश खटीक से भी वार्ता हो चुकी है। समाज में उनके प्रति कोई नाराजगी सामने नहीं आई है। चौधरी वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि अब समाज को जरूरत है कि जिम्मेदार लोग निकल कर आगे आए और समाज में राजनीतिक सामाजिक चेतना भरने का काम करें। उन्होंने कहा कि अब हमें जरूरत है कि सरकार से हिंदू सम्राट मिहिर भोज के नाम से विश्वविद्यालय और कॉलेज बनवाने का काम करें। इससे समाज का उत्थान भी होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने पश्चिम उत्तर प्रदेश के कैराना का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था कि कैराना के नाम से लोग कांपते थे। सभी धर्म जाति के लोगों का पलायन होता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार ने यह साबित कर दिखाया कि अब कैराना ही नहीं बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जनपद अपराधियों से मुक्त हो चुके हैं।
अपराध को पूरी तरह से खत्म करने के लिए उत्तर प्रदेश में फिर से योगी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी होगी। इस अवसर पर अमित पहलवान, सोनू गुर्जर, राहुल गुर्जर, संजीव प्रधान, आदेश कुमार, कृष्ण पाल गुर्जर आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।