सीसीएसयू में हुआ आयोजन, विशेषज्ञों ने बताए स्वस्थ जीवन के सूत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में संचालित आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्ट्रीट गुरुकुल में सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फार्मेसी विभाग की प्राचार्या डॉ. वैशाली पाटिल ने बच्चों को हाथों की स्वच्छता, नाखूनों की साफ-सफाई, संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, स्वस्थ खाद्य विकल्पों के चयन तथा भोजन की बर्बादी रोकने के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छता, संतुलित भोजन तथा अन्न के प्रति सम्मान की भावना आवश्यक है। सहभोज प्रारंभ होने से पहले सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक प्रार्थना कर अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इसके बाद बच्चों और प्रतिभागियों ने प्रेम, सौहार्द और समानता की भावना के साथ एक साथ बैठकर भोजन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने भोजन की बर्बादी न करने और अन्न का सम्मान करने की सामूहिक शपथ ली। साथ ही यह संकल्प भी लिया कि वे अपने परिवार और समाज में खाद्य अपव्यय रोकने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. धर्मेंद्र कुमार, रीता रानी, गार्गी श्रीवास्तव, भारत भूषण शर्मा एवं अगनपाल सहित अन्य सहयोगियों की सक्रिय भागीदारी रही