शेरपुर नई बस्ती के समीप तटबंध को देखते ग्रामीण स्रोत संवाद
बिजनौर बैराज पर एक दिन में 25 हजार क्यूसेक की बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। पिछले कई दिनों से लगातार गिरावट दर्ज कर रहे गंगा के जलस्तर में मंगलवार को एक बार फिर बढ़ोतरी हुई। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश के चलते नदी में पानी की आवक बढ़ने लगी है। हालांकि जलस्तर अभी खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण सिंचाई विभाग सतर्कता बनाए हुए है।
बिजनौर बैराज पर तैनात अवर अभियंता घनश्याम दास ने बताया कि मंगलवार शाम 4:00 बजे गंगा का डिस्चार्ज बढ़कर करीब 1.25 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को यह करीब एक लाख क्यूसेक था। एक ही दिन में लगभग 25 हजार क्यूसेक की वृद्धि दर्ज होने से विभाग ने नदी के बहाव पर निगरानी और तेज कर दी है।
एक सप्ताह से गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी और गिरावट का सिलसिला बना हुआ है। चार दिन से जलस्तर अपेक्षाकृत कम था, लेकिन बारिश के बाद फिर से पानी बढ़ने लगा है। यदि पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा का क्रम जारी रहा तो आने वाले दिनों में जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है। उधर, खादर क्षेत्र के तटबंधों की सुरक्षा को लेकर सिंचाई विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। तटबंध पर पहुंचे लेखपाल नीरज ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। तटबंध की लगातार निगरानी की जा रही है। अभी तक कहीं से भी कटान या रिसाव जैसी स्थिति सामने नहीं आई है। जलस्तर निम्न स्तर पर चल रहा है। जिसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को लगातार दी जा रही है।