मेरठ। बीसीसीआई की घरेलू क्रिकेट श्रृंखलाओं में मेरठ के क्रिकेटर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में गुजरात के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा लेकिन यूपी के बल्लेबाज और मेरठ निवासी समीर रिजवी के दोहरे शतक और शुभम मिश्रा की ऑलराउंड प्रदर्शन से यूपी ने पहली पारी में बढ़त बनाई। शुभम मिश्रा ने मैच में 85 रन बनाए और 6 विकेट भी लिए।
25 जनवरी से 28 जनवरी तक वलसाड़ में खेले गए मैच में यूपी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 400 रन बनाए। गुजरात की टीम पहली पारी में 230 रन ही बना सकी। दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश की टीम ने रिकॉर्ड 798 रन बनाए। यूपी की टीम ने मैच में कुल 1198 रन बनाए। मेरठ के शुभम मिश्रा ने पहली पारी में 35 रन बनाए। वहीं पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए शुभम मिश्रा ने 20 ओवर गेंदबाजी की ओर 6 विकेट लिए। दूसरी पारी में शुभम ने 50 रन बनाए।
वहीं, दूसरी पारी में मेरठ के समीर रिजवी ने रिकॉर्ड पारी खेली। उन्होंने 159 गेंद में 262 रन की पारी खेली। इसमें उन्होंने 21 चौके और 20 छक्के लगाए। हाल ही में हुई वुमेंस अंडर 19 वनडे ट्रॉफी में महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल अपने नाम किया। इसमें मेरठ की जानवी बालियान ने 18 विकेट लेकर वुमेंस ऑफ द सिरीज रहीं। वहीं मेरठ की भूमि और जानवी बालियान की बहन ज्योति ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। लगातार मेरठ के खिलाड़ी चाहे महिला क्रिकेट हो या पुरुष क्रिकेट लगातार अपना अच्छा प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को आकर्षित करते रहे हैं।