याकूब कुरैशी के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हापुड़ अड्डा चौराहे पर चेकिंग के दौरान पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के धेवते अब्दुल समद उर्फ शाद ने महिला सिपाही को बाइक से टक्कर मार दी। बैरियर तोड़कर भाग निकला। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त गिर गया। घायल महिला सिपाही को चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शाद को दबिश देकर रात में ही गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
अस्पताल में भर्ती घायल महिला सिपाही।
- फोटो : अमर उजाला
एसएसपी के निर्देश पर रात में 11 बजे से एक बजे तक चेकिंग अभियान चल रहा है। हापुड़ अड्डे पर नौचंदी चौकी प्रभारी और महिला थाना प्रभारी चेकिंग कर रही थीं। इसी बीच बाइक से वहां आए एक युवक को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया तो उसने तेज स्पीड में बाइक दौड़ा दी। सामने खड़ी एएचटीयू की महिला सिपाही जोहरा परवीन को टक्कर मारकर बैरियर तोड़कर भागने लगा। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त गिर गया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो बताया कि टक्कर मारने वाला अब्दुल समद उर्फ शाद पुत्र निवासी सोहराब गेट थाना कोतवाली है। रात को पुलिस ने दबिश देकर शाद को गिरफ्तार कर लिया। घायल महिला सिपाही को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि नौचंदी थाने में जान से मारने का प्रयास और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई। सोमवार को पुलिस ने शाद को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त नाबालिग है, वह सिर्फ बाइक पर पीछे बैठा था, उसे छोड़ दिया गया।
स्कूल में हंटर चलाने में आया था आस मोहम्मद की मां का नाम
याकूब कुरैशी की बेटी और आस मोहम्मद की मां आसमा का नाम 2017 में सुर्खियों में आया था। वेस्ट एंड रोड स्थित स्कूल में याकूब कुरैशी की नाती को चांटा मारे जाने के बाद आस मोहम्मद की मां ने स्कूल में जाकर हंटर चला दिया था। वीडियो वायरल होने पर आस मोहम्मद की मां समेत आठ लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, शांति भंग आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पासपोर्ट में गलत पते के चलते फिरोज पर हुई है धोखाधड़ी की रिपोर्ट
चार अगस्त को याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा को दुबई जाते समय दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया था। फिरोज का लुकआउट नोटिस जारी था। इसके बावजूद वह दुबई जा रहा था। पांच अगस्त को खरखौदा पुलिस एयरपोर्ट पर पहुंची और फिरोज उर्फ भूरा को हिरासत में लेकर थाने आ गई। बाद में कोर्ट की अनुमति के बिना देश से बाहर न जाने की बात लिखवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह को पूर्व मंत्री के पूरे परिवार के पासपोर्ट की जांच सौंपी थी।
जांच में सामने आया कि फिरोज ने सेटिंग कर पासपोर्ट नवीनीकरण के लिए आवेदन किया था। आवेदन में कागजात सराय बहलीम थाना कोतवाली के लगाए गए, जबकि थाने के कॉलम में कोतवाली के बजाय मेडिकल थाना लिख दिया गया। इसके बाद पासपोर्ट सेल में सेटिंग से उसकी जांच मेडिकल थाने को भिजवाई। यहां तैनात दरोगा रतिभान ने छह मार्च 2024 को फिरोज के पासपोर्ट पर ओके की रिपोर्ट लगा दी थी। मेडिकल थाने से फिरोज के पासपोर्ट निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेज दी गई थी। दरोगा और सिपाही निलंबित कर दिए गए। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि फिरोज को जल्द बयान के लिए बुलाया जाएगा।