2164 करोड़ के सीएलपी में उद्योग इकाइयों को बढ़ाने की तैयारी
सिटी लॉजिस्टिक प्लान (सीएलपी) के लिए अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी (यूएमटीसी) ने ड्राफ्ट तैयार कर लिया है, जो 2164 करोड़ से बनेगा। इसमें मौजूदा आबादी 24.15 का आकलन करते हुए साल 2042 में अपेक्षित संसाधन और मौजूदा स्थिति के तहत यातायात, ट्रांसपोर्ट, रोड सेफ्टी, उपलब्धता का खाका खींचा गया है।
बैंडबाजा व खेल उद्योग के साथ ही निर्माण इकाइयां और स्मॉल इंडस्ट्री को बढ़ाने की रूपरेखा खींची गई। इसमें एग्रो बेस्ड यूनिट, कॉटन टेक्सटाइल्स, रेडीमेड कपड़े, फर्नीचर, शुगर इंडस्ट्रीज, पेपर मिल, मिनरल, मेटल इंजीनियरिंग आदि उद्योगों को भी शामिल किया गया। इन सभी उद्योग और इंडस्ट्री में होने वाला 30 हजार 205 टन का उत्पादन 2042 में बढ़कर 64 हजार 111 टन होने की संभावना है।
हापुड़ रोड, दौराला में बनेंगे लॉजिस्टिक पार्क
मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क के तहत टीपी नगर में 39.06 हेक्टेयर, दौराला में दो हिस्सों में 38.5 तथा 46.2 हेक्टेयर में ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने और वेयरहाउस बनाने का प्रस्ताव है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर के लिए 135.37 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता वर्ष 2042 में बताई गई है। इसके लिए दौराला में 54.10 हेक्टेयर, हापुड़ रोड पर खरखौदा के पास 81.27 हेक्टेयर में लॉजिस्टिक पार्क बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
अक्तूबर के पहले सप्ताह में सीएलपी का प्रजेंटेशन
शहर के विकास के लिए बेहद जरूरी सीएलपी का स्टेक होल्डर्स के सामने प्रजेंटेशन के बाद कमिश्नर ने इसमें सुधार के निर्देश दिए थे। इसके संशोधन पूरे कर लिए गए हैं। अक्तूबर के पहले सप्ताह में ही इसका प्रजेंटेशन होगा। - विजय कुमार, नगर नियोजक मेडा
विशेष विकास क्षेत्र पर फोकस
दौराला और कायस्थ गांवड़ी में 400-400 हेक्टेयर के दो विशेष विकास क्षेत्र प्रस्तावित किए गए हैं। शासन की ट्रांजिट ओरियंटेड पॉलिसी (टीओडी) लागू होने के बाद यहां मिश्रित भू-उपयोग भी अनुमन्य हो चुका है। इन इलाकों में नीचे कार्यालय और ऊपर मकान बनाए जा सकेंगे। यहीं पर न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप भी प्रस्तावित की गई है।
तीन ट्रांसपोर्टनगर की पैरवी
महायोजना में नए औद्योगिक हब की संभावनाओं को देखते हुए तीन ट्रांसपोर्ट नगर प्रस्तावित किए गए हैं। इसके तहत हस्तिनापुर, मवाना, लावड़, सरधना आदि में ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र चिह्नित किया गया है।