मेरठ। नए साल से दिल्ली से मेरठ का सफर सुहाना होने जा रहा है। आप मात्र 45 मिनट में मेरठ से दिल्ली अधिकतम 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पहुंच जाएंगे। यह एलान पिलखुवा में आयोजित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस के डासना से हापुड़ तीसरे चरण के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया।
उन्होंने कहा कि एनएचएएआई अधिकारी डासना-मेरठ का चरण मार्च 2020 तक पूरा करने का वादा कर रहे हैं। लेकिन मैंने इसे जनवरी 2020 में पूरा करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मैंने केंद्रीय परिवहन राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह और मेरठ-हापुड़ सांसद राजेंद्र अग्रवाल से कहा है कि ये आप तय करें कि उद्घाटन कार्यक्रम कहां कराना है। इसका उद्घाटन हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराएंगे।
दरअसल, 82 किलोमीटर के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे में डासना से मेरठ के बीच 32 किमी के हिस्से में कई स्थानों पर पेंच फंसा है। यहां चार गांवों डासना, कुसालिया, नाहल, रसूलपुर सिकरोड की जमीन अधिग्रहण का मामला शासन में लंबित है। प्रोजेक्ट समीक्षा बैठक में भी कहा गया कि अगर अक्तूबर 2019 तक जमीन मिल जाए तो मार्च 2020 तक ये चरण पूरा हो सकेगा। इन गांवों की जमीन का 50 करोड़ से ज्यादा का मुआवजा बंटना है। लेकिन किसान विरोध में हैं। स्ट्रक्चर भी बनना है। ऐसे में जनवरी 2020 तक काम पूरा होना असंभव है। वहीं, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के पांचवें चरण में एक्सप्र्रेस-वे के गांव जैनुद्दीन से मेरठ-बुलंदशहर एनएच-235 को जोड़ने वाले मार्ग का मामला भी सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने रखा। इस पर नितिन गडकरी ने कहा कि इस संपर्क मार्ग के लिए भी जल्द कार्य शुरू होगा।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे
चरण 1 - निजामुद्दीन से यूपी गेट
स्टेटस - कार्य पूर्ण (8.7 किमी)
चरण 2- यूपी गेट से डासना
स्टेटस - 57 प्रतिशत पूर्ण (19.2 किमी)
चरण 3- डासना से हापुड़
स्टेटस - कार्य पूर्ण (22 किमी)
चरण 4- डासना से मेरठ
स्टेटस- कार्य जारी (32 किमी)