सरधना क्षेत्र में गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर घने कोहरे में सोमवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों जॉनी (31) और नीरज (29) को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद वाहन उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। दोनों भाई कई घंटे सड़क किनारे पड़े रहे। बाद में पुलिस उन्हें सीएचसी लेकर पहुंची, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
ईकड़ी निवासी नीरज पुत्र फकीरा और जॉनी पुत्र सुशील सोमवार शाम बाइक पर सकौती में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसके बाद देर रात कांवड़ मार्ग से होते हुए गांव ईकड़ी लौट रहे थे। घने कोहरे के बीच चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव अटेरना के पास पीछे से आए किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद भी वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया।
कोहरा कुछ कम होने पर राहगीरों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। रात करीब साढे़ 12 बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को वहां से उठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ संजय कुमार जयसवाल ने बताया कि पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम कराकर मंगलवार दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जॉनी और नीरज मजदूरी करते थे।
खिवाई में हादसे के बाद जमा लोग।
- फोटो : अमर उजाला
खिवाई के पास हादसे में बाइक सवार किशोर की मौत
मेरठ बड़ौत मार्ग पर कस्बा खिवाई के पास सड़क हादसे में बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। गांव शाहजहांपुर जनपद बागपत निवासी 17 वर्षीय शाहनवाज पुत्र सरफराज व समीर पुत्र मोमीन मंगलवार को बाइक पर सवार होकर मेरठ किसी काम से जा रहे थे। जैसी ही वह मेरठ बड़ौत मार्ग पर कस्बा खिवाई के पास पहुंचे तो ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे तेल के खाली टैंकर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। शाहनवाज की मौके पर मौत हो गई। जबकि समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी। जहां से समीर की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।