मवाना के गांव सीना की एक युवती थाने पहुंची और कहा कि उसे अपने परिवारजनों से जान का खतरा है। क्योंकि उसने किसी युवक से कोर्ट मैरिज कर ली है।
गांव सीना निवासी 22 साल की युवती बृहस्पितवार रात मवाना थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि गांव के ही संदीप के साथ पांच साल से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। 28 दिसंबर 2022 को उसने घरवालों से छिपकर संदीप से कोर्ट मैरिज कर ली थी। उसने सोचा था कि सही वक्त आने पर घरवालों को बता देगी। सही समय के इंतजार में वक्त बीतता गया। बीती 6 अगस्त को घरवालों को उसकी कोर्ट मैरिज के बारे में किसी तरह पता चल गया। इसके बाद से घर में लगातार झगड़े और तनाव का माहौल है। उसे डर है कि उसके घरवाले उसकी हत्या कर देंगे।
उसने संदीप को यह बात बताई, तो वह गांव छोड़कर कहीं चला गया। घरवालों से जान का खतरा है, इसलिए थाने आ गई हूं, घर वापस नहीं जाऊंगी। संदीप जब आए, तो उसी के साथ जाऊंगी, वह मेरा पति है। रात को युवती को आशा ज्योति केंद्र भेज दिया गया। शुक्रवार को दरोगा अंकुर चौधरी ने युवती के बयान कराए। दरोगा ने बताया कि जांच के बाद युवती के पति संदीप को थाने बुलाया गया। इसके बाद उसे संदीप के साथ भेज दिया गया।
भाई ने देख ली थी व्हॉट्सएप चैट
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सीना गांव से किसी ने सूचना थी कि एक युवती की हत्या की आशंका है। पुलिस गांव में उक्त युवती के घर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि युवती के भाई ने व्हॉट्सएप चैट देख ली थी, जिससे उसे कोर्ट मैरिज का पता चला था। परिवार वालों ने कह दिया था कि युवती का उनसे कोई संबंध नहीं है। वह जाकर संदीप के साथ ही रहे। पुलिस युवती के भाई को थाने ले गई थी, जहां से उसे चेतावनी देकर छोड़ा था। बाद में पता चला कि पुलिस को फोन संदीप ने ही किया था।