कस्बे की मखदूमपुर कॉलोनी में मुख्य मार्ग पर स्थित शिव मंदिर पर अवैध कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष की ओर से मंदिर पर अवैध निर्माण कर लिया गया, वहीं दूसरा पक्ष लगातार इसकी शिकायत करता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया था।
इस मामले में शिकायतकर्ता सुशील कुमार ने बताया कि मंदिर पर कुछ लोगों ने खुद को साधु बताते हुए जबरन कब्जा कर लिया है। करोड़ों रुपए की इस भूमि पर स्थानीय स्तर पर नगर पंचायत के ईओ, एसडीएम और तहसीलदार कोई कार्रवाई नहीं कर सके। जब चारों ओर दीवार खड़ी हो गई तो खानापूर्ति के लिए आ गए।
ये भी देखें...
UP: सहारनपुर में प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी, रेलवे अंडरपास पर मिले दोनों, तड़पते हुए निकल गया दम
आरोप है कि निर्माण करने वाले दबंगई दिखाते हुए कॉलोनी के लोगों को डरा रहे हैं। इस मामले में कॉलोनी के लोगों ने एक मिनट 20 सेकेंड का वीडियो बनाकर वायरल किया है। इसमें साधु के वेश में दिख रहा एक व्यक्ति कॉलोनी के लोगों से कह रहा है कि भगवान का भजन करो। इस मामले से दूर रहो। जो लपेटे में आ गया, मारा जाएगा। जितनी वीडियो बनानी है, बना लो।
मुख्यमंत्री से करेंगे कब्जा कराने वाले अधिकारियों की शिकायत
मखदूमपुर कॉलोनी के शिव मंदिर सेवा ट्रस्ट कमेटी के पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि धमकी देने वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। इस मामले में जो अधिकारी उनका साथ दे रहे हैं और सरकारी भूमि पर कब्जा करा रहे हैं, उन सभी की शिकायत जनता दरबार में पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करेंगे।
वहीं, थाना प्रभारी हस्तिनापुर शशांक द्विवेदी का कहना है कि मामला अभी जानकारी में नहीं है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत भी नहीं गई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।