जीटीबी में फाइनल में पहुंचने वाली टीमें।
- फोटो : अमर उजाला
गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी और आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में चल रहे विवेक पांडे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को जूनियर वर्ग के सेमीफाइनल मैच खेले गए। इसमें ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ब्लू और आईटीआई आरसीबी ने मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
पहले सेमीफाइनल मैच में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 233 रन बनाए। इसमें उमंग ने 47, दीपांशु ने 44 रन बनाए। गेंदबाजी में अब्बास ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीटीबी क्रिकेट एकेडमी रेड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 230 रन ही बना पाई। इसमें आयुष ने 43 रन, शिवजोत ने 40 रन बनाए। गेंदबाजी में आदर्श ने तीन और सुभान ने दो विकेट लिए। ऋषभ की टीम ने तीन रन से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरे मैच में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ग्रीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 204 रन बनाए। इसमें सौहार्थ ने 47, दिशांत ने 41, कृष्णा ने 42 रन बनाए। गेंदबाजी में रोहित ने दो, शाहजेब ने दो और शाद ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटीआई आरसीबी की टीम ने 19.5 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए और दो विकेट से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
टीम की ओर से रोहित ने 46, अमन ने 43 रन बनाए। गेंदबाजी में हमजा और कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए। आयोजन सचिव व क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि आज सोमवार को टूर्नामेंट में तीसरे वर्ग के मैच सुबह 10:30 से शुरू होंगे।
गेम सिटी एरेना में बेस्ट बैट्समैन का अवार्ड प्राप्त करता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
इनविजिबल वॉरियर्स ने रंजीत स्ट्राइकर्स को हराया
किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में रविवार को रंजीत स्ट्राइकर्स और इनविजिबल वॉरियर्स के बीच मैच हुआ। इसमें इनविजिबल वॉरियर्स की टीम ने पांच विकेट से जीत प्राप्त की। रंजीत स्ट्राइकर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज अभिषेक ने 16 गेंद में 41 रन और विश्वेंद्र ने 42 गेंद में 71 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में इनविजिबल वॉरियर्स की ओर से अखिल और वाजिद ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इनविजिबल वॉरियर्स की टीम ने 17 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाकर मैच जीता। इसमें आशीष ने 119 रन और वरुण ने 26 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में सोनू ने दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच आशीष को चुना गया। इस मौके पर गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
गांधी बाग में ट्रॉफी के साथ टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कैंट बोर्ड इलेवन ने 34 रन से मैच जीता
गांधी बाग क्रिकेट मैदान में रविवार को कैंट बोर्ड इलेवन और सीजीएचएस के बीच मैच हुआ। इसमें कैंट बोर्ड इलेवन ने 34 रन से जीत प्राप्त की। कैंट बोर्ड इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। इसमें वर्णित ने 54, अकरम ने 35 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में सीजीएचएस की ओर सचिन यादव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीजीएचएस की टीम 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 171 रन ही बना पाई। इसमें सचिन तोमर ने 60 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में कैंट बोर्ड की ओर से सीईओ जाकिर हुसैन ने चार विकेट लिए। अकरम ने दो विकेट लिए। कैंट बोर्ड ने 34 रन से मैच जीता। मैन ऑफ द मैच सीईओ जाकिर हुसैन को चुना गया। इस मौके पर रमेश, शानू, कोच तनकीब आदि रहे।
मैन ऑफ द मैच।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ स्ट्राइकर्स की छह विकेट से जीत
लाभ सिंह भिंडर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को विक्टोरिया पार्क क्रिकेट मैदान में मेरठ स्ट्राइकर्स और दीपक मेमोरियल क्रिकेट क्लब के बीच मैच हुआ। इसमें मेरठ स्ट्राइकर्स की टीम ने छह विकेट से शानदार जीत प्राप्त की।
दीपक मेमोरियल क्रिकेट क्लब की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 27.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 149 रन बनाए। इसमें टीम की ओर से कवित ने 35 और शशांक ने 32 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में उमर सैफी ने चार और अभिषेक राय ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ स्ट्राइकर्स की टीम ने 22.2 ओवर में 4 विकेट पर 150 रन बनाकर छह विकेट से जीत प्राप्त की। टीम की ओर से रोहित भिंडर ने 42 रन का योगदान दिया। मैच के बाद उमर सैफी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर अनंद बिश्नोई, अभिषेक, बृजमोहन आदि मौजूद रहे।
बेल्ट टेस्ट में शामिल खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
ताइक्वांडो बेल्ट प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
सूरजकुंड स्थित स्पोर्ट्स बड्डी ताइक्वांडो क्लब में रविवार को ताइक्वांडो बेल्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आर्या और अनन्या ने बाजी मारी। इस दौरान अवनी, अदिति, द्रोण, आश्वी, अद्विक, अक्षिता, सोनू, प्रांजल और विवेक ने येलो बेल्ट प्राप्त की। आरव, अदिति, अदम्य, आश्वी, यश, अवनी, अनन्या, निशांत, ओम, यश , शुभ, यशिका ने ग्रीन बेल्ट प्राप्त की। आरुष, शिवम, अमृतांशु झा, कुणाल, प्रद्युम्न ने ब्लू बेल्ट प्राप्त की। आर्य, अनन्या, अविरल, निमेष, ऋतिका, कान्हा ने रेड बेल्ट प्राप्त की। इस मौके पर प्रदीप मुख्य परीक्षक एवं अमन पर्यवेक्षक रहे। वरिष्ठ ताइक्वांडो खिलाड़ी और कोच पूर्णेंदु झा ने सभी को बधाई दी।
वुशू के पदक विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
वुशू में रवि ने जीता स्वर्ण पदक
34वीं सीनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 19 जून तक राजस्थान के जयपुर में हुआ। इसमें मेरठ के रवि ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर मेरठ का नाम रोशन किया। रवि तीसरी बार चैंपियन बने। प्रतियोगिता में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, आयकर, पोस्टल विभाग समेत अन्य टीमों ने भाग लिया। रवि ने वुशू की नानको स्वर्धा में हिस्सा लिया और स्वर्ण पदक जीता। भारतीय वुशू संघ के सीईओ सुहेल अहमद ने भी उन्हें बधाई दी।
पदक जीतकर लौटी रिशू नागर का स्वागत किया
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी नरेश नागर की पुत्री रिशु नागर ने कजाकिस्तान में हुए क्रेपलिंग वर्ल्ड कप में रजत और कांस्य पदक लेकर देश का नाम रोशन किया। रिशु नागर के कोच अंकित वर्मा ने बताया की आगामी वर्ल्ड कप में वह स्वर्ण पदक लाने का प्रयास करेगी। वहीं, रिशु का गांव में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। भगवान दास सहाय आश्रम पर के महंत महेंद्र दास से आशीर्वाद भी लिया। रिशु ने बताया कि उसके चाचा लीलू नागर ने भी उनकी सफलता में बड़ा योगदान दिया है। इस मोके पर उसकी मां राकेश नागर, भाई अभिषेक नागर, बहन अंशु और निकिता नागर सहित अन्य ने खुशी जताई।
एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आज मेरठ के एथलीट दिखाएंगे दम
23वीं राष्ट्रीय जूनियर फेडरेशन एथलेटिक चैंपियनशिप का आयोजन रविवार से प्रयागराज में शुरू हुआ। पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के चेयरमैन मनीष मोहन ने किया। प्रतियोगिता में मेरठ से भी आठ खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। सोमवार को इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी।
प्रतियोगिता में सोमवार को 400 मीटर स्पर्धा, लंबी कूद स्पर्धा, ऊंची कूद स्पर्धा,1500 मीटर की स्पर्धा का आयोजन होगा। इसमें मेरठ के भी कई खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। मेरठ से आठ खिलाड़ियों में सनी विकल्प 100 मीटर, 200 मीटर, दुष्यंत भारद्वाज 1500 मीटर, आदर्श, भाला फेंक, विशाल सिद्धू भाला फेंक, आयुष प्रधान भाला फेंक, स्वरित ट्रिपल जंप, रीत राठौर ऊंची कूद, ज्योति राजपूत पोल वॉल्ट में प्रतिभाग करेंगी। इससे पहले दिन जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला, सचिव अनु कुमार ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।