बीसीसीआई की ओर से अक्तूबर से घरेलू क्रिकेट का सीजन शुरू किया जा रहा है। इसमें सीनियर वर्ग में रणजी ट्रॉफी, अंडर 23 में कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी, स्टेट ए ट्रॉफी की कई शृंखलाएं शुरू होनी है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रशिक्षण शिविर लगाकर खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है। मेरठ से काफी संख्या में खिलाड़ी इस प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा बने हैं। इसके बाद 18 अगस्त से यूपी लीग का तीसरा सीजन शुरू हो जाएगा, जिसके चलते अभी से शिविर लगाया गया है।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कानपुर में प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। इस शिविर में मेरठ से ऑलराउंडर शुभम मिश्रा, बल्लेबाज रितुराज शर्मा, तेज गेंदबाज विनीत पंवार, विजय कुमार, अजय कुमार, बल्लेबाज प्रियम गर्ग समेत कई बड़े खिलाड़ी शिविर का हिस्सा है। इस शिविर में खिलाड़ियों को अनुभवी कोच के द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मेरठ से ऑलराउंडर शुभम मिश्रा ने कहा कि कैंप में हिस्सा लेकर काफी लाभ मिलता है। जो भी कमी रहती है उसे यहां दूर कराया जा रहा है। अक्तूबर में घरेलू सीजन की शुरुआत हो रही है, जिसे लेकर यह तैयारी चल रही है।
पदक विजेता कार्तिक यादव और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कार्तिक यादव ने जीता स्वर्ण पदक
रुड़की रोड पर छठी वाहिनी पीएसी स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र कार्तिक यादव ने बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्तिक यादव कक्षा 12वीं का छात्र है। छात्र ने सीबीएसई क्लस्टर 25-2026 और 12 से 16 जुलाई तक देहरादून के सोशल बलुनी पब्लिक स्कूल में आयोजित नाॅर्थ जोन बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में लगभग 150 विद्यालयों के 960 छात्रों ने प्रतिभाग किया, जिसमें कार्तिक यादव ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। छात्र के पिता पवन कुमार पुलिस सेवा में कार्यरत हैं। प्रधानचार्य लीना शर्मा ने बताया कि 11 से 15 सितंबर तक राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ककराला, कनीना महेंद्रगढ़ हरियाणा में प्रस्तावित है, जिसमें कार्तिक प्रतिभाग करेगा।
जिला स्तरीय बॉक्सिंग ट्रायल में पहुंची मात्र एक खिलाड़ी
प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 23 जुलाई तक मथुरा में होना है। प्रतियोगिता को लेकर बृहस्पतिवार को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल होने थे, लेकिन ट्रायल के लिए मात्र एक ही खिलाड़ी पहुंची। आज मंडलीय ट्रायल सुबह 11 बजे से शुरू होंगे।
जिला स्तरीय ट्रायल कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में दोपहर तीन बजे तक होने थे, लेकिन 46 से 49 किलोग्राम में मात्र एक खिलाड़ी वंशिका भाटी ही ट्रायल देने पहुंची। कोच अभिषेक और उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के तकनीकी निदेशक रोबिन सिंह मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को टीम का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में पहले दिन जिले से खिलाड़ी नहीं पहुंच सके, लेकिन आज काफी संख्या में मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बागपत जिलों से खिलाड़ियों के आने की उम्मीद है। फाइनल ट्रायल के बाद टीम का चयन किया जाएगा और उसे प्रतियोगिता के लिए मथुरा भेजा जाएगा। इन जिलों से भी काफी संख्या में खिलाड़ी यूपी की टीम में प्रतिभाग करते नजर आएंगे। यहां मेरठ में पिछले कई माह से बॉक्सिंग कोच नहीं था। अब यहां अभी दो दिन पूर्व ही बॉक्सिंग कोच के रूप में अभिषक ने पदभार संभाला है। कोच नहीं होने के कारण यहां बच्चे भी नहीं पहुंच रहे थे, जिस कारण समस्या आ रही थी। अब हालात में सुधार होने की संभावना है।
बास्केटबाल प्रतियोगिता में जेंट जोंस और स्पोर्ट्स स्टेडियम ओवरआल विजेता
होपस्टार बास्केबाल एकेडमी पांडव नगर में चल रही तीन दिवसीय बास्केटबाल प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में सेंट जोंस की टीम ओवरआल विजेता रही। प्रतियोगिता में मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा के अलग-अलग जिले से आए लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर- 14 में बालक वर्ग में सेंट जॉन्स और बालिका वर्ग में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम विजेता रही। अंडर- 17 में बालक वर्ग में सेंट जॉन्स और बालिका वर्ग में कैलाश प्रकाश स्पोट्स्स स्टेडियम की टीम विजेता रही। अंडर-19 वर्ग में बालक वर्ग में नॉन बॉलर्स और बालिका वर्ग में कैलाश प्रकाश स्टेडियम की टीम विजेता रही। निर्णायक के रूप में शशांक कुशवाहा, तनिष्क, दीपांशु, रितिक आदि रहे। मुख्य अतिथि के ओमकार सिंह, कोच चांदनी नेगी, बास्केटबॉल कोच शशांक कुशवाहा आदि ने विजेता और उप विजेता टीम को सम्मानित किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में ऋषभ एकेडमी पब्लिक स्कूल विजयी
गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रही जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में ऋषभ एकेडमी पब्लिक स्कूल ने फाइनल में मेरठ हॉस्टल को हराकर फाइनल ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता के फाइनल मैच में ऋषभ एकेडमी पब्लिक स्कूल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए। इसमें मोहित ने 22, मनीष ने 28 और रोनित ने 25 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में सनी, शिवांश और प्रियांशु ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ हॉस्टल की टीम 17.1 ओवर में 121 रन पर ऑल आउट हो गई। ऋषभ की टीम ने 19 रन से मैच जीतकर फाइनल अपने नाम किया। इसमें मेरठ हॉस्टल की ओर से उज्जवल ने 28, अहमद ने 19 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में मवीश, कुणाल ने तीन-तीन और सिद्धार्थ व कार्तिक ने दो-दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच कुणाल को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अजय रहे। मैच से पूर्व उद्घाटन प्रधानाचार्य डॉ. कर्मेंद्र सिंह ने किया। समापन के मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव व उप क्रीड़ा अधिकारी अब्दुल अहद ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर क्रिकेट कोच अतहर अली व प्रधानाचार्य को बधाई दी। इस दौरान इंद्रजीत सिंह सलवान, करन सिंह, ललित पंत, कुलविंदर, खालिद खान आदि मौजूद रहे।
हनी क्रिकेट मैदान में हुआ हवन-पूजन
भटीपुरा गढ़ रोड स्थित हनी क्रिकेट मैदान में बृहस्पतिवार को हवन-पूजन के साथ मैदान का शुभारंभ हुआ। कोच दीपक सिद्धू ने बताया कि गांव देहात में छिपी क्रिकेट प्रतिभा को बाहर निकालने के लिए मैदान की शुरुआत की गई है। जा रही है। यहां बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें एक मंच दिया जाएगा जिससे वह बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकें और मेरठ का नाम रोशन कर सकें। बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए यहां प्रैक्टिस मैच खिलाए जाएंगे। हनी क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन
नितिन काजीपुर व हनी काजला ने फीता काटकर किया। इस दौरान बब्बू काजीपुर, अनुज खटाना, बॉबी, तरुण भगत, अमित, संदीप, विनीत काजीपुर, मंजीत सिंह, मुनेश सिद्धू, सोनू काजला व बीसपाल फौजी आदि मौजूद रहे। संवाद