डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि सभी जनपद प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। परिक्षेत्र के जिलों में रक्षा बंधन को लेकर पांच अपर पुलिस अधीक्षक, 20 सीओ, 80 निरीक्षक, 600 उप निरीक्षक, 1005 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी, 380 होमगार्ड व पीआरडी जवान और एक कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है।
रक्षाबंधन पर मेरठ में पांच और हापुड़ में पांच समेत कुल 10 मेले आयोजित होने हैं। इन आयोजनों में आने वाली भीड़ को देखते हुए अलग से पुलिस प्रबंध किए जा रहे हैं। आयोजकों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा गया है।
पुलिस मेला प्रबंधकों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक कर रही है। रक्षाबंधन से पहले बाजारों में राखी और मिठाई की खरीदारी के लिए देर रात तक भीड़ रहती है। ऐसे में छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग और चोरी जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो स्क्वॉड को तैनात किया गया है।
स्टेशन और हाईवे पर विशेष निगरानी
डीआईजी ने बताया कि त्योहार पर बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों, बस और ट्रेन से आवागमन करेंगे। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, हाईवे, मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। अधिक यातायात वाले मार्गों को चिह्नित कर यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जाम और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति न बने।