किसान-व्यापारी एकजुटता का संदेश
महापंचायत के मंच से सेंट्रल मार्केट के प्रभावित व्यापारियों के समर्थन की बात को किसान-व्यापारी एकजुटता के संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। राकेश टिकैत ने किसानों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी बनाए रखने की अपील की।
धरने पर बैठे रवि गौतम से मिले राकेश टिकैत, पुलिस कार्रवाई को बताया निंदनीय
भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत के बीच राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत कमिश्नरी पार्क में धरने पर बैठे रवि गौतम से भी मिलने पहुंचे। टिकैत ने रवि गौतम से बातचीत कर उनकी मांगों और मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को निंदनीय बताया।
इस दौरान राकेश टिकैत ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि हाल ही में जिस तरह कुछ लोगों के साथ मारपीट की गई, वैसी घटना उनके लोगों के साथ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “सुन लें अधिकारी, जैसे आपने हाल ही में कुछ लोगों को पीटा, वैसी घटना हमारे लोगों के साथ मत कर देना, वरना यहां कोई ईंट की दीवार नहीं मिलेगी, मैदान बना दिया जाएगा।”
टिकैत के इस बयान के बाद महापंचायत स्थल पर मौजूद किसानों के बीच भी चर्चा रही। उन्होंने किसानों और धरने पर बैठे लोगों के साथ किसी तरह की ज्यादती किए जाने पर आंदोलन तेज करने का संकेत दिया।
सपा विधायक अतुल प्रधान भी महापंचायत में हुए शामिल
कमिश्नरी पार्क के पास चल रही भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत में सरधना विधायक अतुल प्रधान भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छोटे हाथी पर चढ़कर किसानों और राहगीरों को केले और कोल्ड ड्रिंक बांटी।
मेरठ कॉलेज के गेट के सामने खड़े होकर अतुल प्रधान ने समर्थकों के साथ केले का वितरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों और राहगीरों ने केले और कोल्ड ड्रिंक ली। विधायक के इस अंदाज की मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा रही।