लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी समेत पांच को स्वाइन फ्लू
स्वाइन फ्लू का हमला लगातार जारी है। सोमवार को स्वाइन फ्लू के पांच नए मरीज मिले हैं। इनमें 35 वर्षीय युवक और 32 साल की महिला शामिल है। महिला लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी है। ये दोनों मेरठ शहर के रहने वाले हैं। तीन मरीज गाजियाबाद, हापुड़ और शामली के हैं। ये तीनों महिलाएं हैं। इनकी उम्र 32, 45 और 68 साल है। नवंबर से अब तक स्वाइन फ्लू से पीड़ित मेरठ के चार मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। साल 2017 में स्वाइन फ्लू के करीब 395 मरीज मिले थे, जिनमें 21 लोगों की मौत हो गई थी। 2018 में 68 मरीज मिले थे और इस साल अब तक 266 मरीज मिल चुके हैं।
रजनीश कौशल की पत्नी का अंतिम संस्कार
ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल की पत्नी विनीता कौशल का सोमवार को सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कारोबारी, राजनीतिक दलों केनेता आदि मौजूद रहे। स्वाइन फ्लू के खौफ के चलते अंतिम संस्कार में कुछ लोग मास्क लगाए हुए थे। फोर्टिस अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों में संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, महामंत्री अरुण वशिष्ठ, सपा नेता गोपाल अग्रवाल, विनेश जैन, अमित शर्मा, मनोज शर्मा, अरविंद मारवाड़ी, क्रिकेट कोच अतहर अली आदि रहे।
यह बरतें सावधानी
संक्रमित लोगों से दूर रहें
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क और रुमाल का इस्तेमाल करें
खानपान से पहले हाथ अच्छी तरह धोएं
बाहर से आने के बाद गर्म पानी से हाथ धोएं या स्नान करें
सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/