दरोगा के साथ मारपीट करने के मामले में भाजपा पार्षद मनीष पंवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कंकरखेड़ा थाने में सुबह से ही भाजपाइयों का धरना चल रहा है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही धरना खत्म हुआ। भाजपा पार्षद की तरफ से भी दरोगा और महिला के खिलाफ थाने में तहरीर दी जा रही है। वहीं एसपी सिटी रणविजय सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामला यूपी के मेरठ जिले का है।
ये है पूरा मामला
मेरठ में नेशनल हाईवे स्थित एक होटल में खाना खाने गये मोहिउद्दीनपुर चौकी इंचार्ज सुखपाल सिंह पंवार और एक महिला ने खाने की देरी का विरोध किया, जिसपर बवाल हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में पहले महिला ने तोड़फोड़ करते हुए गाली गलौच की। इसके बाद होटल मालिक भाजपा नेता और होटल के स्टाफ ने होटल को अंदर से बंद करके दरोगा को जमकर पीटा। पूरे मामले का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने जांच कराने की बात कही है। एसपी सिटी को मामले की जांच के लिए लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड 40 से भाजपा पार्षद चौधरी मनीष पंवार का नेशनल हाईवे स्थित खिर्वा चौपले के पास ब्लैक पेपर नाम से होटल है। परतापुर थाने की मोहिउद्दीनपुर चौकी पर तैनात सुखपाल पंवार कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी एक महिला को देर रात अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से होटल में खाने के लिए लेकर गये थे।