वायु प्रदूषण (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
मेरठ के कंकरखेडा में आबादी के बीच चल रही स्पोर्ट्स फैक्टरी और फलावदा क्षेत्र के बातनौर में चल रहे कोल्हू को बंद करने का आदेश उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिया है। बुधवार को बोर्ड की टीम पुलिस के साथ कार्रवाई करेगी।
कंकरखेडा के जवाहर नगर में शिव शक्ति स्पोर्ट्स फैक्टरी आवासीय क्षेत्र में चल रही है, जिससे वहां प्रदूषण फैल रहा है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी। इसके अलावा बातनौर में महावीर के कोल्हू में प्रतिबंधित ईंधन का प्रयोग करने से हवा की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत की गई थी।
हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में
मौसम साफ रहने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में थोड़ी गिरावट आयी। सोमवार के 356 के मुकाबले मंगलवार को एक्यूआई 341 रहा लेकिन वह अभी भी बहुत बुरी श्रेणी में है। वहीं, एनसीआर में गाजियाबाद का एक्यूआई सबसे ज्यादा 430 रहा। शहर में गंगानगर, जयभीम नगर और पल्लवपुरम का एक्यूआई क्रमश: 318, 385 व 320 रहा।
धूप खिलने से बढ़ा तापमान
दिसंबर माह की शुरुआत चटख धूप खिलने से हुई। हवा की रफ्तार थमी होने के कारण मंगलवार को शीतलहर का अहसास नहीं हुआ। दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। दिन का तापमान 25 व रात का तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस बने रहने की संभावना है।