मेरठ में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के न्यू भरत विहार कॉलोनी के पास एक दुकान में एसी का कंप्रेसर फटने से दुकान मालिक समेत तीन लोग घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
उल्देपुर निवासी लोकेंद्र ने न्यू भरत विहार कॉलोनी के पास शिव गोरख इंटरप्राइजेज के नाम से दुकान कर रखी है। उसकी दुकान पर एसी ठीक करने का कार्य होता है। जिसके लिए उसकी दुकान पर सोनू नाम का एक युवक भी काम करता है। बुधवार को सोनू एक एसी के कंप्रेशर को ठीक कर रहा था। वहीं, लोकेंद्र का एक रिश्तेदार कल्लू भी बुधवार को उसके पास आया हुआ था। लोकेंद्र व कल्लू आपस में बात कर रहे थे। इसी बीच कंप्रेशर ठीक करने के दौरान कंप्रेशर फट गया। तेज धमाके के साथ कंप्रेशर फट गया, जिसमें तीनों लोग घायल हो गए।
वहीं, धमाके की आवास सुनकर भरत विहार कॉलोनी के लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन लोग दुकान के पास पहुंचे। कॉलोनी के लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को एसडीएस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, कल्लू की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: पूर्व मंत्री याकूब के बड़े राज: खुले तो अफसर भी हैरान, फैक्टरी के बाद निशाने पर आया हॉस्पिटल, यहां भी चल रहा था ये खेल