दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के यूपी गेट से डासना और डासना से मेरठ तक का रास्ता एक अप्रैल से खुल जाएगा। हालांकि पहले एक्सप्रेस-वे बुधवार यानी 31 मार्च को खोला जाना था, लेकिन कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण एक्सप्रेस-वे खोलने की तिथि को एक दिन बढ़ा दिया है।
चौथे चरण की डासना से मेरठ तक एनएचएआई इसकी शुरुआत करेगा। 31.8 किमी के चौथे चरण को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। पिछले एक महीने से छह लेन के एक्सप्रेस-वे पर परतापुर से डासना तक वाहन 100 से 120 किमी की रफ्तार से दौड़ रहे हैं। एक्सप्रेस-वे शुरू होने पर दिल्ली से मेरठ की दूरी एक घंटा और गाजियाबाद से मेरठ पहुंचने में 30 मिनट लगेंगे।
डासना में मेरठ की ओर तैयार 700 मीटर की एलिवेटेड रोड पर लोड टेस्टिंग और अंतिम ट्रायल रन पूरा हो गया है। वहीं, मंगलवार को एनएचएआई की एक्सप्रेस-वे का काम पूरा होने की वीडियो सहित विस्तृत रिपोर्ट पर सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय में मंगलवार को दिनभर चली बैठकों के बाद मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। जीआर इंफ्रा और एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर बुधवार को एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे।
यह भी पढ़ें: यूपी: सीएनजी पंप पर बोला हमला, फिर 15 मिनट तक जमकर तोड़फोड़, देखिए गुंडागर्दी की ये तस्वीरें
कैमरा, एंबुलेंस और टोल बूथ तैयार
मंगलवार को टोल प्लाजा पर 1033 लाइफ सेविंग एंबुलेंस और क्रेन तैनात कर दी गई है। लाइटिंग और टोल बूथ भी तैयार हो चुके हैं। चलती गाड़ी की नंबर प्लेट पर नजर रखने के लिए 170 सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। इस बीच टोल बूथ को काशी का नाम दिए जाने पर भी विरोध शुरू हो गया है।
चलती गाड़ी से कट जाएगा टोल टैक्स
एक्सप्रेस-वे देश का पहला एडवांस एक्सप्रेस-वे होगा। इस पर चलती गाड़ी से टोल टैक्स कट जाएगा। हर आठ से 10 किमी की दूरी पर एक्सप्रेस-वे की प्रत्येक लेन के ऊपर डिस्प्ले लगाई गई है, जिस पर चलते हुए वाहन की गति को देख सकेंगे। एक्सप्रेस-वे पर मालवाहक वाहन 80 और कारें 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चल सकेंगी।
एक्सप्रेसवे को एक अप्रैल को खोले जाने की मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। टोल दरों का निर्धारण अगले दो-तीन दिन में होने की संभावना है।
- मुदित गर्ग, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/