मेरठ जनपद के मोदीपुरम में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की रुड़की रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक व्यापारी के घर पर रह रही मेड का शव बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवती मरियम उर्फ मैरी (20) दिल्ली की डूगडूग कंपनी द्वारा मोदीपुरम में इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में जसविंदर सिंह के मकान में तीन महीने पहले उनके बच्चों की देखभाल करने के लिए नौकरी पर आई थी। वह जसविंदर सिंह के मकान के बाथरूम के अंदर नहाने के लिए गई थी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था, जब बाहर निकल कर नहीं आई तो जसविंदर सिंह के परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे को तोड़कर अंदर जाकर देखा तो मरियम उर्फ मैरी का शव फांसी पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।