आबूलेन फव्वारा चौक स्थित मान्यवर शोरूम के मैनेजर ने 3.49 लाख रुपये का गबन कर लिया। शोरूम से वह दस्तावेज भी साथ ले गया। शोरूम संचालकों ने आरोपी के खिलाफ सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
बरेली निवासी आनंद प्रकाश, अक्षय कुमार और आकाश वर्मा की कान्हा अपैरल्स के नाम से पार्टनरशिप फर्म है। इसका मुख्यालय बरेली में है। फर्म का मान्यवर ब्रांड का शोरुम आबूलेन फव्वारा चौक पर भी है। जितेंद्र सिंह राना इस शोरूम पर मैनेजर है। आरोप है कि यहां उसने 1.91 लाख रुपये की कंप्यूटर में एंट्री डालकर गबन कर लिया। इस संबंध में उन्होंने 13 अगस्त को सदर थाने में प्रार्थना पत्र दिया था।
इसके बाद फिजिकल ऑडिट कराने पर पता चला कि जितेंद्र सिंह राना ने शेरवानी व इंडोवेस्टर्न ड्रेस की कीमत के टैग बदलकर 1.58 लाख रुपये का और गबन कर रखा है। पार्टनर शुभाशीष चक्रवर्ती ने उससे पैसे का हिसाब मांगा पर वह कई दिनों तक टालता रहा। बाद में वह जान से मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।