खुशखबरी, दीपावली पर एमडीए ने लिंक रोड का अवरोध खत्म करने के लिए आशीर्वाद नर्सिंग होम के मालिक को अधिग्रहण की गई भूमि का चेक सौंप दिया है। दावा किया जा रहा है कि एक नवंबर से लोग लिंक रोड से गुजरने शुरू हो जाएंगे। एमडीए ने बुलडोजर से सड़क के बीच आ रहे निर्माण भी गिराने शुरू कर दिए हैं। इस कार्य को शुरू कराने के लिए राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौके पर पहुंचे।
बागपत रोड को रेलवे रोड से जोड़ने के लिए लिंक रोड की मांग काफी समय से चली आ रही है। इसे लेकर जनआंदोलन समिति एक बड़ा आंदोलन चला चुकी है। इसके बाद सेना ने लिंक रोड के लिए जमीन दी, वहीं सरकारी खजाने से लगभग 80 प्रतिशत मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य भी हो चुका है। बागपत रोड की तरफ लिंक मार्ग के लिए 14 मीटर जगह को लेकर रस्साकशी चल रही थी।
आशीर्वाद नर्सिंग होम की जमीन को लेकर प्रशासन ठोस निर्णय नहीं ले पा रहा था। जन आंदोलन समिति ने दीपावली के बाद आंदोलन फिर शुरू करने की चेतावनी दी हुई थी। लिंक रोड के लिए प्लाट मालिक भोले शंकर पहले ही सहमति दे चुके थे, लेकिन अस्पताल मालिक से भूमि रेट को लेकर बात नहीं बनी थी।
अब एमडीए ने शुक्रवार को डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की मौजूदगी में आशीर्वाद हॉस्पिटल के मालिक डॉ. प्रदीप कुमार को भूमि मुआवजा राशि का चेक सौंप दिया। वहीं प्लाट की दीवार और नर्सिंग होम का पक्का निर्माण गिराने के लिए बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। अब यह मार्ग 14 मीटर चौड़ा हो जाएगा।
लिंक रोड पर लगेगा हाइट गेज
लिंक रोड पर दोनों तरफ हाइट गेज लगाए जाएंगे। इससे केवल हल्के वाहन, रिक्शा, ई रिक्शा, थ्री व्हीलर ही गुजरेंगे। मार्ग से कोई बड़ा वाहन नहीं गुजरेगा। लिंक रोड से गुजरने के लिए सबसे बड़ा लाभ वेस्ट एंड रोड के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे और सिटी रेलवे स्टेशन और आसपास की कालोनियों में लोगों को मिलेगा।
ये भी देखें...
Meerut: 'मामले से दूर रहो, नहीं तो मारे जाओगे', हस्तिनापुर में शिव मंदिर का विवाद भड़का, देखें धमकी भरा वीडियो