अपनी बच्ची के जन्मदिन पर खुशियां मनाता मोना कुमार का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
गंगानगर सी ब्लॉक में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर फॉल सीलिंग के लिए पाइप निकालते समय 35 वर्षीय मोना एचटी लाइन की चपेट में आ गया। करंट से उसका बायां पैर घुटने तक जलकर काला हो गया। करीब आधे घंटे बाद विद्युत सप्लाई बंद हुई तो उसे मौके से हटाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोना की दो बेटियां हैं।
वह मकान, जिसके सामने लगे हाइटेंशन लाइन के तार की चपेट में आया मोना कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
गंगानगर थाना क्षेत्र के ब्लॉक सी-6 में स्वर्गीय गोपालचंद शर्मा का परिवार किराए पर रह रहा है। वह मेडा में कर्मचारी थे, कुछ समय पहले ही उनकी बीमारी से मौत हुई है। परिवार के लोग अपने सी-163 मकान को तोड़कर दोबारा से बनवा रहे हैं। मकान की दूसरी मंजिल पर कई दिनों से काम चल रहा था। फॉल सीलिंग का ठेका शेखपुरा निवासी आसिफ ने लिया हुआ है। यहां काम करने के लिए बृहस्पतिवार को मोना कुमार पुत्र ओमपाल आया था। मोना मूल रूप से रामराज निवासी था।
मकान में काम कर रहे साथी दीपांशु के मुताबिक दोपहर में फॉल सीलिंग में लगाने के लिए मोना लोहे का पाइप बंडल से निकाल रहा था। पाइप की लंबाई ज्यादा था, उसने पाइप गेट के बाहर निकाल दिया। उसी दौरान पाइप 11 हजार केवीए लाइन से छू गया। तभी तेजी से ब्लॉस्ट हुआ। पाइप छूटकर उसके पैर पर गिर गिया। उसके बाद दो-तीन बार और ब्लॉस्ट हुआ और बाएं पैर में आग लग गई। दीपांशु नीचे उतरकर आया और साथी मजदूरों को जानकारी दी। किसी तरह पड़ोसियों ने पुलिस व विद्युत विभाग को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद एचटी लाइन की सप्लाई काटी गई। किसी तरह पाइप को हटाया। तब तक मोना की मौत हो चुकी थी। सूचना पर डायल-112 मौके पर पहुंच गई। गंगानगर थाने से एसएसआई अवधेश व अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो बेटियां, पत्नी आठ माह की गर्भवती
घटना की जानकारी पुलिस द्वारा मोना के पिता ओमपाल को दी गई। मोना के माता-पिता और छोटा भाई काकू रामराज में रहते हैं, जबकि मोना अपनी पत्नी प्रिंसी और दो बेटी काव्या, किट्टो के साथ गंगानगर एल ब्लॉक में किराए पर रह रहा था। परिजनों के अनुसार प्रिंसी आठ माह की गर्भवती है। परिजन रामराज से मोर्चरी के लिए पहुंचे और मुआवजा दिलाने की मांग की।