एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि नीरज प्राइवेट कंपनी में काम करता था। 13 साल पहले ममता नाम की युवती से प्रेम विवाह हुआ था। पिछले सात महीने से ममता से नीरज का विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह काफी तनाव में था। नीरज के दो बेटे हैं, एक बेटा मां के पास और दूसरा बेटा नीरज के पास रहता था।
शनिवार शाम करीब सात बजे पहले तो नीरज ने सुसाइड नोट लिखा। इसके बाद तमंचे से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची मेडिकल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि जिंदगी से परेशान हो गया हूं। मेरे बूढ़े मां-बाप हैं, वह बच्चे नहीं संभाल सकते हैं, इसलिए मेरे बच्चों को ममता अपने साथ ले जाओ और अच्छी तरह पालन पोषण करो। जीवन से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा हूं।
एसपी सिटी ने बताया कि नीरज डेढ़ महीने से किराए के मकान में अकेला रह रहा था। उसके पास तमंचा कहां से आया है, इसकी भी जांच की जा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि मृतक का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। पत्नी से भी इस मामले में पूछताछ की जाएगी। कोर्ट में तलाक का भी केस चल रहा है। जो भी बिंदु सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला की हुईं तीन शादी, सुसाइड नोट में खुलासा
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि महिला ने पहले किसी मुस्लिम युवक से शादी की थी, जिसके बाद नीरज से शादी की। अब सुसाइड नोट में नीरज ने बताया कि ममता ने तीन शादियां की हैं।