मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर एक बार फिर से आंधी के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। यह राहत भरा मौसम 5 मई तक जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की उम्मीद है, जिससे गर्मी का प्रभाव काफी कम रहेगा। हालांकि, दिन में धूप निकलने पर उमस और हल्की गर्मी का अहसास हो सकता है।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते आसमान में बादल छाए रहेंगे, तेज हवाएं चलेंगी और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उन्होंने सलाह दी है कि बदलते मौसम को देखते हुए लोग सतर्क रहें और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
सहारनपुर में बदला मौसम, काले बादलों के बीच हवा के साथ तेज बारिश
सहारनपुर में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान काले घने बादलों से घिर गया और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। सुबह करीब नौ बजे के आसपास मौसम में यह बदलाव देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते लोगों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। अचानक बदले मौसम के कारण सड़क पर निकल वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।