भराला गांव निवासी आकाश (22) ने बृहस्पतिवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। फंदा लगाने से पहले आकाश ने पत्नी को वीडियो कॉल की और बोला फांसी लगा रहा हूं। महिला ने अपने देवर को फोन कर जानकारी दी। जब तक परिजन युवक के कमरे में पहुंचे, तब तक उसने आत्महत्या कर ली।
भराला निवासी राकेश के दो पुत्र आकाश और अमन हैं। आकाश अपने पिता राकेश के साथ ही काम करता था। आकाश की लगभग छह माह पहले शादी हुई थी। बृहस्पतिवार देर रात खाना खाने के बाद आकाश दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में सोने चला गया। अन्य परिजन नीचे के हिस्से में सो गए। रात में आकाश ने मीरापुर अपने मायके गई पत्नी को वीडियो कॉलिंग की और बात करने लगा। आकाश ने पत्नी पूजा से कहा कि वह फांसी लगा रहा है और फोन काट दिया। इस पर महिला ने अपने देवर अमन को फोन कर बात बताई। अमन दौड़ कर भाई आकाश के कमरे में पहुंचा तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने शव को नीचे उतारा।
शुक्रवार को आकाश की पत्नी थाने पहुंची और मामले की जानकारी पुलिस को दी। महिला के साथ पुलिस गांव पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिस पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम व कार्रवाई से इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है।