पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से टिकट को लेकर खींचतान है, उससे कोई नया भी बाजी मार सकता है। फिलहाल मेरठ से सपा के टिकट की दौड़ में किठौर विधायक शाहिद मंजूर, शहर विधायक रफीक अंसारी, सरधना विधायक अतुल प्रधान, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, पूर्व सांसद हरीश पाल के बेटे नीरज पाल, जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी, अमरोहा से सपा टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़े मुखिया गुर्जर के नाम प्रमुखता में चल रहे हैं।
इनके समर्थक सोशल मीडिया पर अपने-अपने नेता का टिकट फाइनल होने का दावा भी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो भी पोस्ट कर रहे हैं।
पहले उम्मीद थी कि 13 या 14 मार्च को टिकट फाइनल हो जाएगा, लेकिन दावेदार ज्यादा होने और उनमें आपसी खींचतान के कारण टिकट को लेकर अभी असमंजस की स्थिति है। अब सपा पदाधिकारी 15 मार्च की शाम टिकट फाइनल होने का दावा कर रहे हैं। सपा के टिकट पर सभी की निगाहें लगी हुईं हैं।