कंकरखेड़ा क्षेत्र में हाईवे स्थित एक कॉलोनी में साढ़े तीन वर्ष की मासूम से उसके दादा ने दरिंदगी कर दी। विरोध करने पर विधवा पुत्रवधू को अंजाम भुगतने की धमकी दी। पुत्रवधू ने कंकरखेड़ा थाने में तहरीर दी है। पीड़ित एसएसपी कार्यालय भी पहुंची, लेकिन एसएसपी से उसकी मुलाकात नहीं हो सकी।
महिला ने बताया कि चार माह पूर्व उसके पति की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। वह एक निजी स्कूल में पढ़ाती है। फिलहाल स्कूल में सर्दियों की छुट्टी चल रही हैं। सोमवार रात तबीयत खराब होने की वजह से महिला दवा खाकर पुत्री के साथ घर के ऊपरी मंजिल के कमरे में सो गई थी।
सुबह पुत्री के रोने की आवाज सुनकर महिला की आंख खुली। पुत्री कमरे में नहीं थी। आवाज नीचे से आ रही थी। वह नीचे पहुंची तो ससुर उसकी पुत्री के साथ दरिंदगी कर रहा था। जिसे देख महिला के होश उड़ गए। उसने ससुर को पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी दी तो वह चुप न रहने पर धमकी देने लगा। आरोपी ने कहा कि किसी से शिकायत की तो जीना हराम कर दूंगा। घर में रहने नहीं दूंगा और स्कूल की नौकरी भी छुड़वा दूंगा।
महिला अपनी पुत्री को लेकर कमरे में चली गई और 112 नंबर पर पुलिस को कॉल किया। महिला का आरोप है कि उसका ससुर शराब पीने का आदी है और ताकत बढ़ाने की आयुर्वेदिक दवा भी लेता है।
कंकरखेड़ा पुलिस का कहना है कि महिला के पति की मौत के बाद से संपत्ति का विवाद चल रहा है। पूर्व में भी दोनों पक्षों में झगड़े हो चुके हैं। महिला के ससुर ने झूठे मुकदमे में फंसाने की आशंका जताते हुए प्रार्थना पत्र दिया था। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।