मेरठ के लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में शादी के एक महीने पहले युवती प्रेमी संग फरार हो गई। परेशान परिजनों ने लिसाड़ी गेट थाने पहुंचकर की शिकायत की है। वहीं पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है।
मेरठ के लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में शादी से एक माह पहले एक युवती शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने युवती की खूब तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। युवती का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। परिजनों ने रिश्तेदार युवक पर ही बहला-फुसलाकर युवती को ले जाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर निवासी युवती (19) की शादी नवंबर के पहले सप्ताह में होनी थी। युवती का पिता कपड़े बेचने का काम करता है। युवती के पिता ने बताया कि बेटी की शादी सरधना में तय की है। घर में शादी की खरीदारी व अन्य तैयारियां चल रहीं थीं लेकिन अचानक ही युवती लापता हो गई।
10 दिन पहले ही युवती का रिश्ता तय किया था, लेकिन युवती अपने मौसेरे भाई से शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। जहां युवती की मां ने अपनी बहन के बेटे के साथ रिश्ता करने ने मना कर दिया था। युवती के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6 बजे से युवती गायब हुई। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला।
युवती के परिजन थाने पहुंचकर पुलिस को घटना के बारे में बताया। उधर, सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि पूरे मामले में जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। युवती की तलाश की जा रही है।