प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्रा का शव सोमवार को किराये के मकान में पंखे के सहारे लटकता पाया गया। मकान मालिक कमरे पर पहुंचे तो छात्रा का शव देख उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस का दावा है कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार असफल होने की वजह से मानसिक रूप से तनाव में थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मूल रूप से फलावदा थाना क्षेत्र के गगसोना गांव निवासी रजनी करीब एक साल से लालकुर्ती में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह पीएल शर्मा रोड स्थित तिलक रोड पर देवेंद्र छाबड़ा के मकान में किराये पर रहती थी। मकान मालिक ने सुबह रजनी को कई बार कॉल किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। दोपहर करीब ढाई बजे जब वह कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा खोलने पर रजनी का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
लालकुर्ती पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि रजनी लंबे समय से यूपी पुलिस की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसने पहले दरोगा भर्ती परीक्षा दी थी, जिसमें वह एक अंक से चयनित होने से रह गई। इसके बाद उसने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में भी भाग लिया, लेकिन उसमें भी फेल हो गई। एसपी सिटी के मुताबिक लगातार असफल होने पर छात्रा मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने गांव में छात्रा के परिजनों को सूचना दी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
खाकी वर्दी पहनकर गांव लौटना चाहती थी रजनी
परिजनों ने बताया कि खाकी वर्दी पहनकर सेवा करने का उसका सपना था। जो पूरा नहीं हो सका। वह वर्दी पहनकर गांव लौटना चाहती थी। लगातार असफल होने के कारण वह तनाव में चली गई।
ये भी देखें...
कांवड़ यात्रा: कल से 12 अगस्त तक नमो भारत स्टेशनों के कई प्रवेश द्वार और पार्किंग स्थल बंद, इसलिए लिया निर्णय