विक्टोरिया पार्क में धरना देते सपा विधायक अतुल प्रधान और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
चिकित्सा और शिक्षा में चल रही मनमानी का आरोप लगाकर विक्टोरिया पार्क में सपा विधायक अतुल प्रधान का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर दुर्गा अष्टमी पर विधायक ने कन्या पूजन किया। अतुल ने कहा कि शनिवार को दशहरे पर प्राइवेट स्कूल और अस्पतालों की रावण रूपी मनमानी के खिलाफ पुतला दहन किया जाएगा।
अतुल ने कहा कि चिकित्सकों की फीस 200 रुपये से 500 रुपये के बीच होनी चाहिए। एक साल से दस साल की प्रैक्टिस वाले चिकित्सकों की फीस 200 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। 10 वर्ष से अधिक अनुभव वाले चिकित्सकों की फीस 500 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चिकित्सकों के द्वारा जो दवाएं लिखी जाएं वह शहर के प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर आसानी से उपलब्ध हों और सस्ती मिलें।
धरना स्थल पर पहुंचे सीएमओ
धरना स्थल पर सीएमओ अशोक कटारिया, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, डीआईओएस राजेश कुमार, बीएसए आशा चौधरी सहित प्रशासनिक अधिकारी और ड्रग विभाग ने निरीक्षण किया। सीएमओ अशोक कटारिया ने बताया कि विधायक ने ज्ञापन दिया है।
ड्रग विभाग दे जवाब, कहां की कार्रवाई
विधायक ने कहा कि खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन को इस बात का जवाब देना होगा कि किस बड़े अस्पताल पर कार्रवाई की गई है। नशे की दवाएं आदि बेचने पर कितने मेडिकल स्टोर के लाइसेंस कैंसिल किए गए हैं। अगर मेडिकल स्टोरों को बहाल किया गया तो किन शर्तों को पूरा कराया गया है। आरटीई एक्ट के अंतर्गत प्राइवेट स्कूलों के लिए कोटा निर्धारित है कि गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध करानी होगी। डीआईओएस, बीएसए सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी जानकारी दें कि शहर के कितने स्कूलों में कितने बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जा रही है। कितने प्राइवेट स्कूलों में एनसीआरटी की किताबें लगाई गई हैं।
खिलाड़ियों के लिए कलक्ट्रेट में शिफ्ट होगा धरना
विधायक ने कहा कि विक्टोरिया पार्क में कर्नल सीके नायडू टूर्नामेंट 13 अक्तूबर से आरंभ हो रहा है। धरने के चलते खिलाड़ियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, ऐसे में धरना स्थल कलक्ट्रेट को बनाया जाएगा। पुतला दहन के बाद सभी लोग कलक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
अखिलेश यादव को नजरबंद करने पर सपा नाराज
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव को लखनऊ में नजरबंद करने के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट और कमिश्नरी पार्क में प्रदर्शन किया। सपा विधायक रफीक अंसारी, जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी सहित कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा। रफीक अंसारी ने बताया कि सपा नेता लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर पुष्प अर्पित करने जा रहे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ में रोका गया। विरोध करने पर उनको नजरबंद कर दिया गया।