जिलाध्यक्ष ने दी चेतावनी, 10 मिनट में ज्ञापन नहीं लिया तो हंगामे के आसार
धरने के दौरान भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान दो घंटे से धरने पर बैठे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि 10 मिनट में कमिश्नर ने ज्ञापन स्वीकार नहीं किया तो स्थिति बिगड़ सकती है। हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद कमिश्नर के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया।
हुक्का पीया, ट्रैक्टर पर डीजे बजाकर किया प्रदर्शन
कमिश्नर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपने के बाद किसान हाथों में ज्वार की फसल लेकर नारेबाजी करते हुए करीब 500 मीटर दूर कलक्ट्रेट की ओर बढ़े। वहां उन्होंने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कमिश्नर कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर हुक्का पीया। ट्रैक्टरों पर डीजे बजाकर नृत्य किया और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का आरोप था कि समय मांगने के बावजूद अधिकारी उनसे मुलाकात नहीं करते हैं। इसी को लेकर किसानों में नाराजगी है और उन्होंने लंबित मांगों के समाधान की मांग की।