आईआईटी रुड़की लैब में मिलावटी तेल की पुष्टि होने पर एसआईटी नामजद आरोपियों पर फिर से शिकंजा कसेगी। सैंपल रिपोर्ट को लेकर पुलिस पहले एक्सपर्टों से बात करेंगी और फिर आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में धारा बढ़ाएगी। गाजियाबाद लैब का हवाला देकर आरोपियों ने राहत ली थी। अब पुलिस फिर से उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
पहले ओके और अब फेल
आईआईटी रुड़की लैब ने गाजियाबाद लैब की भी पोल खोल दी। एसआईटी का अंदेशा सही था कि सैंपल में गड़बड़ी हो सकती है। तीन अक्टूबर को जिला आपूर्ति विभाग द्वारा रिपोर्ट में ऑर्गेनिक हाईड्रो कार्बन, ऑर्गेनिक साल्वेंट बताया गया है। यह नमूना जांच में पास बताया गया। पुलिस ने उन्हीं नमूनों को फिर से भेजा, जिसमें वे फेल हो गए। केमिकल में मिश्रण बताया गया। जिससे साबित होता है कि मिलावटी तेल था।
2.20 लाख लीटर केमिकल होगा नष्ट
पारस और गणपति पेट्रो केम से छापेमारी के दौरान 2.20 लाख लीटर मिलावटी तेल बरामद हुआ था। जिसमें से नमूने भरे गए थे। पुलिस शुरूआत में तीन लैब से जांच कराने की बात कह रही थी। इसके पहले पुलिस कुछ करती कि जिला आपूर्ति विभाग ने नमूनों को गाजियाबाद लैब में भेज दिया। तीन लैब से जांच कराने के लिये पुलिस ने पत्राचार भी किया, लेकिन नमूने नहीं भेजे। बाद में पुलिस ने नमूने भेजे।
पुलिस व जिला आपूर्ति ने भैसाली बस अड्डे के सामने अजंता पेट्रोल पंप, बेगमपुल स्थित पीपी मोटर्स पेट्रोल पंप और टीपीनगर में अजंता पेट्रोल पंपों से नमूने लिए थे। एसआईटी ने इन नमूनों को भी आईआईटी रुड़की लैब में भेजा था। पेट्रोल पंपों के सैंपल रिपोर्ट पर भी सवाल उठे है। बताया गया कि इनकी रिपोर्ट आई है। इस पर संदेह जताया गया है।
सभी बिंदुओं पर जांच
आईआईटी रुड़की लैब की रिपोर्ट आ गई है, जिसमें मिलावटी तेल की पुष्टि हो गई है। एक्सपर्टों की राय भी ली जाएगी। एसआईटी सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच पड़ताल करने में जुट गई है।
- अविनाश पांडेय, एसआईटी प्रभारी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/