मेरठ से सटे सरधना में अपनी रिश्तेदारी में आया दिल्ली पुलिस का सिपाही शनिवार देर रात गंगनहर में डूब गया। काफी तलाश करने के बाद भी सिपाही का सुराग नहीं लग सका। रविवार सुबह पुलिस ने तलाश कराई, जिसके बाद सिपाही का शव बरामद कर लिया गया।
मेरठ के सरधना में शनिवार देर रात नहर में डूबने से दिल्ली पुलिस के जवान की मौत हो गई। बताया गया कि थाना क्षेत्र के नानू गांव में रिश्तेदारी में घूमने आया दिल्ली पुलिस का जवान गंगनहर में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीएससी के गोताखोरों को मौके पर बुलाकर तलाश कराई लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहीं रविवार सुबह जानी थाना क्षेत्र के भोला झाल से सिपाही का शव बरामद हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस में सिपाही राहुल नामक युवक अपनी रिश्तेदारी में घूमने नानू में आया था। देर रात वह कुछ युवकों के साथ सरधना क्षेत्र में घूमने चला गया। बताया गया कि सभी सरधना स्थित गंगनहर किनारे बैठ गए। यहां युवक पानी से अटखेलियां करने लगे। इसी दौरान अचानक राहुल फिसलकर नहर में जा गिरा और गहरे पानी मे समा गया।
साथी युवकों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रात में स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
विज्ञापन
रविवार सुबह पुलिस ने पीएससी के गोताखोरों से सिपाही की फिर से तलाश कराई। जिसके बाद सिपाही के शव को जानी के भोला झाल से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सिपाही की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी हैं।