पास में रहने वाली नौकरानी बबली के मुताबिक वह बुधवार शाम आई। परंतु आवाज देने पर गेट नहीं खुला जिसके बाद वह लौट गई। आज सुबह फिर से काम करने के लिए आई। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो उसने पड़ोस के लोगों को जानकारी दी।
लोगों ने मकान के पीछे वाले गेट की जाली तोड़ी, उसके बाद अंदर की तरफ से लॉक गेट को खोला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब वह अंदर गए तो देखा कमरे में अलमारी के सामने उनका शव पड़ा हुआ था। पास में चेयर भी रखी थी। उनके सिर पर चोट का निशान था वहीं पास में कुछ खून पड़ा हुआ था।
घटना की जानकारी पर गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पति बृजपाल सिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे।
मकान पर लिखा है विवादित संपत्ति
मकान के बाहर विवादित संपत्ति लिखा हुआ है। वहीं, पीछे वाले गेट पर भी दो कैमरे लगे हुए हैं। बृजपाल सिंह से पूछताछ की गई तो बताया कि करीब छह सालों से विवाद के बाद वह बेटी के साथ अलग रह रहे हैं। 2020 में तलाक भी हो गया था।
विवाद के चलते मकान पर विवादित संपित्त लिखवाया गया था। पड़ोसियों की माने तो करीब एक साल से विवाद के चलते विद्युत मीटर भी बिजली विभाग ने हटा दिया था। जिसके बाद से वह जनरेटर का प्रयोग कर रहीं थी।
पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा
गंगानगर थाने के एसएसआई प्रीतम सिंह के मुताबिक शव कमरे के अंदर मिला है, मकान भी अंदर से बंद था। सिर पर चोट के निशान है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर कारण स्पष्ट हो सकेगा।